
IBEX NEWS,शिमला,
जिला शिमला पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई अमल में लाई है। एक ओर थाना सुन्नी क्षेत्र में नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर यातायात बाधित करने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया, वहीं थाना संजौली क्षेत्र में देर रात पत्थरबाजी कर वाहनों को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को चिन्हित कर कानूनी शिकंजे में लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28/29 अप्रैल की मध्यरात्रि 112 ERSS के माध्यम से सूचना मिली कि चाबा क्षेत्र के पास कुछ व्यक्तियों में लड़ाई-झगड़ा हो रहा है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर कर्ण नामक युवक को नशे की हालत में सड़क पर उत्पात मचाते पाया। युवक यातायात बाधित कर रहा था और समझाने के बावजूद असामान्य व्यवहार करते हुए स्वयं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी कर रहा था। पुलिस ने समय रहते स्थिति संभालते हुए उसे धारा 126, 170 BNS के तहत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण करवाया। मामले की जांच जारी है।
उधर, थाना संजौली में फ्रूट मंडी भट्टाकुफ्फर क्षेत्र में देर रात स्कॉर्पियो वाहन में पहुंचे कुछ युवकों द्वारा शोर-शराबा, तेज संगीत और शराब के नशे में उपद्रव मचाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोप है कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर युवकों ने गाली-गलौच की, धमकियां दीं और वाहनों पर पत्थरबाजी कर कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में धारा 351(2), 352, 324(4), 190, 191(2) BNS तथा सेक्शन 3 PDP Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें पाबंद किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने आमजन से अपील की है कि नशे में हुड़दंग, सार्वजनिक शांति भंग करने या सरकारी/निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



