
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “एंटी-चिट्टा जन आंदोलन” के तहत हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा/हेरोइन नेटवर्क से जुड़े 15 आदतन तस्करों को PIT NDPS Act, 1988 के तहत प्रिवेंटिव डिटेंशन में लिया है। पुलिस मुख्यालय शिमला से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई खुफिया जानकारी, तकनीकी निगरानी, आपराधिक प्रोफाइलिंग और ड्रग सिंडिकेट्स की गहन जांच के बाद अमल में लाई गई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई इस सख्त कार्रवाई में सिरमौर और कुल्लू से 4-4, कांगड़ा व बिलासपुर से 2-2, जबकि पुलिस जिला देहरा, सोलन और मंडी से 1-1 आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी बार-बार NDPS मामलों में संलिप्त पाए गए और समाज व युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके थे।
हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक Ashok Tewari ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में ड्रग माफिया के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों, पेडलरों और संगठित गिरोहों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पूरी ताकत, पुख्ता इरादे और कानूनी मजबूती के साथ अभियान लगातार जारी रहेगा।
डीजीपी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा नशा कारोबार से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी ERSS Dial 112 या स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दोहराया है कि युवाओं के भविष्य को बचाने और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रिवेंटिव डिटेंशन सहित सभी कड़े कानूनी कदम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



