
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 06 मई
जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भराड़ी रोड के समीप एक अज्ञात पोस्टर बरामद हुआ, जिसमें रोहड़ू स्थित अदालत परिसर एवं एसडीएम कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही जिला शिमला पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया तथा पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन द्वारा एहतियातन रोहड़ू अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को तत्काल खाली करवा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में खड़े सभी वाहनों को भी हटाया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। साथ ही बम निरोधक दस्ता को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खतरे को देखते हुए हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
इस घटना के बाद रोहड़ू क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल देखा गया, हालांकि जिला शिमला police ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
मामले को लेकर थाना सदर में केस दर्ज कर लिया गया है तथा अज्ञात पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जिला शिमला पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



