
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 4 मई।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित शैक्षणिक सत्र 2025-26 की जमा दो वार्षिक परीक्षा में राजकीय मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पोर्टमोर शिमला की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत रहा, जिसे अत्यंत सराहनीय माना जा रहा है।
विद्यालय की छात्राओं ने चारों संकायों—मेडिकल, आर्ट्स, कॉमर्स और नॉन-मेडिकल—में बेहतरीन अंक अर्जित कर सफलता का परचम लहराया। मेडिकल संकाय में निहारिका शर्मा ने 500 में से 484 अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। साक्षी वर्मा और मननत ने 474 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पायल 473 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
आर्ट्स संकाय में तमन्ना ने 480 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। काकुन ने 477 अंकों के साथ दूसरा तथा साक्षी शर्मा ने 473 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कॉमर्स संकाय में स्नेजी बरसंता ने 454 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। साहज जुमटा 440 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि आरुषि और रिद्धिमा ने 430-430 अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
नॉन-मेडिकल संकाय में अमीशा तोमर ने 446 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तेनजिन डोलमा 432 अंकों के साथ दूसरे और पल्लवी 422 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
विद्यालय की ओवरऑल टॉपर निहारिका शर्मा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि आर्ट्स टॉपर तमन्ना ने 96 प्रतिशत, कॉमर्स टॉपर स्नेजी बरसंता ने 91 प्रतिशत तथा नॉन-मेडिकल टॉपर अमीशा तोमर ने 89.2 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
विद्यालय परिवार ने छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। हालांकि विद्यालय को इस बात का हल्का मलाल भी रहा कि तमन्ना और निहारिका प्रदेश मेरिट की टॉप-10 सूची में मात्र एक-एक अंक से स्थान बनाने से चूक गईं।
विद्यालय की उपप्रधानाचार्या रक्षा जमवाल ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शीघ्र ही मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
पोर्टमोर स्कूल की बेटियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।



