
IBEX NEWS BUREAU , शिमला, 09 मई
जिला शिमला में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सदर शिमला को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल सैल शिमला की टीम ने लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना सदर शिमला में इस संबंध में अभियोग संख्या 49/2026 धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्पेशल सैल शिमला की टीम 09 मई को सुबह लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त और निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक वाहन में सवार दो व्यक्ति शिमला शहर में चिट्टा सप्लाई करने के लिए लालपानी स्थित एक टी स्टॉल के पास मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को लालपानी बस स्टॉप के समीप रोक लिया। वाहन में मौजूद दो व्यक्तियों की पहचान निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और नकदी बरामद की। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी मादक पदार्थ के अवैध कब्जे और परिवहन में संलिप्त पाए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है।



