
IBEX NEWS BUREAU,शिमला : धर्मपुर उपमंडल के बहरी गांव से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घास काटने खेतों में गई 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला मलका देवी पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने महिला को पूरी तरह घेर लिया, जिससे वह दर्द से चीखने लगीं।
महिला की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन मधुमक्खियां उन पर भी टूट पड़ीं। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में कुल 5 लोग घायल हुए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। तीन लोगों की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि मलका देवी और एक अन्य घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें All India Institute of Medical Sciences Bilaspur रेफर किया गया।
दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान मलका देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग इस घटना से सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आया। तहसीलदार प्रवीण शर्मा ने पीड़ित परिवार को ₹25 हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की और हर संभव सहायता का भरोसा दिया।



