
बारूबाग क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी, प्रयुक्त वाहन भी पुलिस ने किया जब्त
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 10 मई 2026।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 9 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 मई 2026 को डिटेक्शन टीम उपमंडल रामपुर में NH-05 पर बारूबाग क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार व्यक्तियों के कब्जे से 9 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार (33) निवासी जिला बिलासपुर, रोहित चौहान (31) निवासी रामपुर, जिला शिमला तथा तुषार वर्मा (25) निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 32/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा तथा मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



