
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 10 मई 2026
जिला शिमला पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना न्यू शिमला क्षेत्र से लापता हुए 11 वर्षीय बालक को मात्र एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10.05.2026 को थाना न्यू शिमला में एक महिला निवासी शिमला ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनका 11 वर्षीय पुत्र घर के समीप स्थित किराना दुकान पर गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बावजूद बालक का कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत के आधार पर थाना न्यू शिमला में अभियोग संख्या 25/2026, अधीन धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू शिमला पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। जांच अधिकारी एवं पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता बालक को खलीनी क्षेत्र से मात्र एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि बालक बिना परिजनों को बताए अपनी मर्जी से घर से चला गया था। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला शिमला police ने कहा कि आमजन, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।



