
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 13 मई 2026:
जिला शिमला के पुलिस थाना कुमारसैन में दर्ज एक मामले में युवक के घायल होने के प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अभियोग संख्या 35/2026 के तहत धारा 109, 118(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
पुलिस को यह शिकायत सौरभ ठाकुर निवासी संजौली, शिमला द्वारा दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने परिचित राहुल निवासी कुमारसैन के साथ वाहन संबंधी कार्य के सिलसिले में विभिन्न स्थानों पर गया था। बाद में दोनों एक अन्य व्यक्ति के साथ वाहन में सैंज से सुन्नी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आपसी कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई और शिकायतकर्ता घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 109 BNS भी जोड़ी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए तथा मामले में नामजद आरोपी विक्रांत पुत्र सुभाष चंद निवासी गांव शेलग, डाकघर फराल, तहसील कुमारसैन तथा राहुल पुत्र स्वर्गीय पन्ना लाल निवासी गांव लवाण, डाकघर किंगल, तहसील कुमारसैन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले की आगामी जांच जारी है।



