
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 13 मई 2026:
जिला शिमला पुलिस ने कानून व्यवस्था एवं सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को भा.ना.सु.स. की धारा 126/170 के तहत प्रिवेंटिव अरेस्ट किया है। आरोपियों पर शराब के नशे में हुड़दंग, गाली-गलौच, लड़ाई-झगड़ा तथा शांति भंग करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप हैं।


पुलिस थाना चौपाल क्षेत्र में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी एवं परिवारजनों के साथ मारपीट और झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के समझाने के बावजूद आरोपी आक्रामक व्यवहार करता रहा। मेडिकल परीक्षण में उसके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 126/170 BNSS के तहत कार्रवाई कर कलंदरा संबंधित कार्यपालिक दण्डाधिकारी के न्यायालय में भेजा।
वहीं पुलिस थाना सुन्नी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में एक महिला के घर के बाहर शोर-शराबा, गाली-गलौच और धमकियां देने की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बावजूद आरोपी हुड़दंग करता रहा तथा मरने-मारने पर उतारू पाया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्रिवेंटिव अरेस्ट किया और नियमानुसार मामला न्यायालय में प्रेषित किया।
इसी प्रकार पुलिस थाना ठियोग क्षेत्र में भी एक व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में पत्नी, मकान मालिक और आसपास के लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा तथा सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी पुलिस दल के साथ भी अभद्र व्यवहार करता रहा। मेडिकल परीक्षण में उसके शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे भी धारा 126/170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया।
जिला शिमला police ने आमजन से कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, घरेलू हिंसा और हुड़दंग जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



