
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 13 मई 2026:
जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 मई 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना चोपाल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान रियूणी के पास एक कार से 120 बोतल देसी शराब बरामद की गई। इस मामले में पारस निवासी गांव खिल्लर तहसील नेरवा तथा नरेंद्र दत्त निवासी गांव रयुष्टी तहसील नेरवा को आरोपी बनाया गया है। वहीं चोपाल थाना क्षेत्र में ही पुलबाहल पुल के समीप एक वाहन से 72 बोतल “संत्रा नं.1” देसी शराब बरामद कर अरुण उर्फ नीतू निवासी जिला सिरमौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस थाना रोहड़ू में गौरव ठाकुर निवासी बजरकोटी के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की कुल 65 बोतल शराब और बीयर बरामद की गई। वहीं थाना ठियोग क्षेत्र के जाइस इलाके में एक ढाबे पर दबिश देकर 30 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई। इस मामले में विनोद हेट्टा निवासी ठियोग के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसके अतिरिक्त थाना सदर शिमला क्षेत्र में सब्जी मंडी स्थित एक पंजाबी ढाबे से 8 बोतल “ऊना नं.1” देसी शराब बरामद कर भूपेंद्र थापा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना वेस्ट शिमला पुलिस ने जुटोग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भीम निवासी टूटीकंडी के कब्जे से 10 बोतल देसी शराब बरामद की।
जिला शिमला पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगामी जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



