
लोसर-ग्रांफू और चंद्रताल मार्ग हल्के वाहनों के लिए खोला गया
IBEX NEWS BUREAU,Shimla
लाहौल-स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत देते हुए एनएच-505 एसकेजी सड़क मार्ग पर लोसर-ग्रांफू तथा चंद्रताल मार्ग को हल्के मोटर वाहनों (LMV) की आवाजाही के लिए खोल दिया है। इस संबंध में उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति किरण भदाना ने कार्यालय आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सीमा सड़क संगठन (BRO) की 108 आरसीसी (GREF) इकाई ने प्रशासन को सूचित किया है कि लोसर-ग्रांफू मार्ग पर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। वहीं चंद्रताल मार्ग पर भी छोटे वाहनों के लिए यातायात बहाल कर दिया गया है।
हालांकि भारी मोटर वाहनों (HMV) के लिए सड़क को अभी पूरी तरह बहाल नहीं किया गया है और मार्ग को सुचारु करने का कार्य जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वाहनों की आवाजाही मौसम और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगी।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन और मौसम संबंधी सलाह के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम लोगों और पर्यटकों से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दैनिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।



