
मरीजों से आत्मीय संवाद कर बांटे रिफ्रेशमेंट, कहा— संवेदनशील देखभाल से ही संभव है बेहतर उपचार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती बिंदु गुप्ता ने आज हिमाचल प्रदेश मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास अस्पताल, शिमला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनका हालचाल जाना।
श्रीमती गुप्ता ने मरीजों को रिफ्रेशमेंट वितरित किए तथा मानसिक स्वास्थ्य उपचार में संवेदनशीलता, स्नेह और भावनात्मक सहयोग की अहम भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को सकारात्मक वातावरण और मानवीय व्यवहार मिलना उनके शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं कर्मचारियों द्वारा मरीजों की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए दी जा रही सेवाओं की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विभिन्न स्वास्थ्य एवं पुनर्वास गतिविधियों की जानकारी साझा की।



