
11 बच्चे अस्पताल में भर्ती, 7 में संक्रमण की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
IBEX NEWS BUREAU शिमला, मई 2026:
राजधानी शिमला में बच्चों के बीच Hepatitis-A के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल (DDUZH) में मई माह के दौरान अब तक वायरल हेपेटाइटिस के लक्षणों वाले 11 बच्चों को भर्ती करना पड़ा है, जिनमें से 7 बच्चों में Hepatitis-A संक्रमण की पुष्टि हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा के अनुसार पिछले एक महीने से मामले धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। लगभग प्रतिदिन या एक दिन छोड़कर नया मामला रिपोर्ट हो रहा है। हालांकि अभी तक किसी एक क्षेत्र से संक्रमण फैलने या बड़े प्रकोप के संकेत नहीं मिले हैं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों को तैनात कर दिया है। टीमें सक्रिय निगरानी, अतिरिक्त मामलों की पहचान, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था की जांच तथा लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। विभाग सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ भी समन्वय कर रहा है।
डॉ. रांटा ने बताया कि Hepatitis-A और Hepatitis-E दूषित भोजन और पानी के सेवन से फैलते हैं। उन्होंने लोगों से उबला या सुरक्षित पानी पीने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और खुले व अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने बुखार, उल्टी, पेट दर्द, पीलिया और गहरे रंग के मूत्र जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक निवारक कदम उठाए जा रहे हैं।



