
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 26 मई 2026:
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के पहले चरण के तहत आज मतदान प्रक्रिया जारी है। प्रदेशभर में पहले चरण में 1293 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जा रहे हैं। चुनावों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।







जिला शिमला में भी मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के विभिन्न विकास खंडों में आज कुल 150 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। वहीं दूसरे चरण में भी 150 ग्राम पंचायतों तथा तीसरे एवं अंतिम चरण में 141 ग्राम पंचायतों में चुनाव करवाए जाएंगे।
जिले में कुल 441 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 42 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं। प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां सुबह से ही ड्यूटी पर तैनात हैं और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
विकास खंडवार आज होने वाला मतदान:
- बसंतपुर – 9 पंचायतें
- छैहारा – 10 पंचायतें
- चौपाल – 17 पंचायतें
- जुब्बल – 9 पंचायतें
- कोटखाई – 9 पंचायतें
- कुफरी – 6 पंचायतें
- मशोबरा – 11 पंचायतें
- ननखड़ी – 6 पंचायतें
- नारकंडा – 10 पंचायतें
- रामपुर – 13 पंचायतें
- रोहड़ू – 14 पंचायतें
- ठियोग – 22 पंचायतें
- टुटू – 12 पंचायतें
- डोडरा-क्वार – 2 पंचायतें
निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय तक जारी रहेगी तथा पंचायत प्रधान, उपप्रधान और पंच पदों के परिणाम मतदान समाप्ति के बाद घोषित किए जाएंगे।



