
IBEX NEWS BUREAU शिमला, 26 मई 2026:
मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ने पंचायत चुनावों के अवसर पर प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव गांवों की दिशा और दशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होते हैं तथा प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पंचायतें गांव की सरकार होती हैं और चुने हुए प्रतिनिधि जनता के सुख-दुख के साथी बनकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत पंचायत व्यवस्था से गांवों में बेहतर सुविधाएं, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को आशीर्वाद और समर्थन देने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनें जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें और ईमानदारी व समर्पण के साथ गांवों के विकास के लिए कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और उत्साहपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की भी अपील की।



