
काफनू पंचायत में सर्वाधिक 89.56% वोटिंग, पूह की हांगो पंचायत सबसे पीछे
कई पंचायतों में महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक दर्ज किया गया।मेरू पंचायत में महिला मतदान 91.27% तक पहुंचा।सांगला पंचायत में महिला मतदान प्रतिशत 81.04% दर्ज किया गया।
IBEX NEWS BUREAU
शिमला
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दुर्गम क्षेत्रों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिले में दोपहर 1:00 बजे तक कुल 74.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनावों की तुलना में बेहद उत्साहजनक माना जा रहा है।जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा तथा महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कई पंचायतों में महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों के बराबर या उससे अधिक दर्ज किया गया।मेरू पंचायत में महिला मतदान 91.27% तक पहुंचा।सांगला पंचायत में महिला मतदान प्रतिशत 81.04% दर्ज किया गया।यह आंकड़े ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और पंचायत स्तर पर उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि किन्नौर जैसे सीमांत जिले में भारी मतदान यह संकेत देता है कि ग्रामीण जनता अब पंचायतों को विकास की मजबूत इकाई के रूप में देख रही है। सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और रोजगार जैसे स्थानीय मुद्दों ने इस बार मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।जिला प्रशासन ने भी मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सुरक्षा एवं परिवहन की विशेष व्यवस्था की, जिसके चलते दूरदराज क्षेत्रों में भी मतदान सुचारू रूप से जारी रहा।
ब्लॉकवार तुलना करे तो मतदान करने वालीं में निचार सबसे आगे, पूह सबसे पीछे हैं ।
तीनों विकास खंडों में मतदान प्रतिशत की तुलना करें तो—
- निचार ब्लॉक में सबसे अधिक 79.79% मतदान दर्ज हुआ।
- कल्पा ब्लॉक में 72.74% मतदान हुआ।
- पूह ब्लॉक में सबसे कम 70.21% मतदान रिकॉर्ड किया गया।
पंचायतों में भी दिखा जबरदस्त उत्साह !जिले की कई पंचायतों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
सर्वाधिक मतदान वाली पंचायतें
- काफनू पंचायत (निचार ब्लॉक) — 89.56%
- छोटा खंबा पंचायत — 84.30%
- रूपी पंचायत — 82.96%
- कनम पंचायत (पूह ब्लॉक) — 82.78%
सबसे कम मतदान वाली पंचायतें
- हांगो पंचायत (पूह ब्लॉक) — 61.68%
- खावांगी पंचायत (कल्पा ब्लॉक) — 64.81%
- कोठी पंचायत — 63.86%





