
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 26 मई।
राजधानी शिमला की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले ब्रिटिशकालीन यूएस क्लब मार्ग पर स्थित सजावटी लकड़ी के गेट को सोमवार सुबह मैन्युअली हटाए जाने से शहर के पुराने निवासियों और विरासत प्रेमियों में नाराजगी है। यह गेट होली-लॉज, जाखू मंदिर और ऐतिहासिक रिज मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते का हिस्सा था और वर्षों से शिमला की औपनिवेशिक विरासत की पहचान माना जाता रहा है।हालांकि इस गेट को भी ढाई दशक पहले पुराने गेट से अपग्रेड किया था और नया स्वरूप दिया था।आज इस पूरे गेट को तोड़ दिया गया है स्थानीय लोग इससे स्तब्ध है स्थानीय लोगों और हेरिटेज प्रेमियों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई है कि सड़क चौड़ीकरण और वीवीआईपी वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए इस संरचना को हटाया गया है।



सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि जब गेयटी थिएटर और टाउन हॉल जैसी ऐतिहासिक इमारतों का संरक्षण और पुनर्स्थापन संभव है, तो इस छोटे लेकिन आकर्षक विरासती ढांचे को क्यों नहीं बचाया जा सका।
विरासत संरक्षण से जुड़े लोगों ने निर्णय लेने वाली एजेंसियों पर कला और धरोहर के प्रति संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिमला की पहचान केवल इमारतों से नहीं, बल्कि ऐसे छोटे-छोटे विरासती प्रतीकों से भी जुड़ी है, जिन्हें धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है।



