
कुल 45 वार्डों वाली पंचायत समितियों में भी भाजपा ने कांग्रेस को संभलने का कोई मौका नहीं दिया
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में सत्ताधारी कांग्रेस सरकार को जनता ने करारा झटका दिया है। पंचायती राज संस्थाओं के घोषित हुए नतीजों ने जिले की पूरी राजनीतिक तस्वीर को उलट कर रख दिया है। जिला परिषद की कुल 10 सीटों में से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने 9 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। इस भगवा आंधी के सामने सत्ता में बैठी कांग्रेस पूरी तरह असहाय नजर आई और उसे महज एक सीट से ही संतोष करना पड़ा।
कल्पा, निचार और पूह पंचायत समितियों के परिणाम सामने आने के बाद अब यह साफ हो गया है कि सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस जमीन पर अपना आधार खो चुकी है।इस ऐतिहासिक जीत के बाद जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा खेमे में गतिविधियां तेज हो गई हैं, जबकि कांग्रेस इस आत्ममंथन में डूबी है कि सत्ता में रहते हुए भी जनजातीय क्षेत्र में उसकी इतनी दुर्गति कैसे हुई।
जिला परिषद वार्डवार परिणाम: कहाँ किसका चला सिक्का?

मतगणना के बाद घोषित हुए नतीजों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने एकतरफा खेल दिखाया:
वार्ड नंबर-1 (पूह): जब्बल दोरजे (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-2 (मूरंग): उमेश कुमारी (कांग्रेस समर्थित विजयी — कांग्रेस की एकमात्र साख)
वार्ड नंबर-3 (रिब्बा): धनमला (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-4 (ख्वांगी): इंदर सेन (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-5 (सांगला): वंदना (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-6 (सापनी): नरेंद्र नेगी (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-7 (कल्पा): हकीम चंद (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-8 (चगांव): लक्ष्मी देवी (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-9 (सूंघरा): निलायुम (भाजपा समर्थित विजयी)
वार्ड नंबर-10 (तरांडा): योगराज नेगी (भाजपा समर्थित विजयी)

कुल 45 वार्डों वाली पंचायत समितियों में भी भाजपा ने कांग्रेस को संभलने का कोई मौका नहीं दिया
इस करारी शिकस्त के बाद जिले में कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक हमले तेज हो गए हैं। भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने सीधे सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि परिणाम प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का खुला जनादेश है। आरोप लगाया कि जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी है, किन्नौर में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। जनता ने इसी बदहाली का जवाब अपने वोट के जरिए दिया है और भाजपा पर लगातार तीसरी बार अटूट भरोसा जताया है।
भाजपा की इस जीत में इस बार युवाओं का तेवर भी तीखा नजर आ रहा है। ख्वांगी वार्ड से जीतकर आए 26 वर्षीय युवा भाजपा समर्थित प्रत्याशी इंदर सेन ने सीधे तौर पर प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को अब ठंडे बस्ते में नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि उन्हें सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा।



