
बैचवाइज आधार पर चयन प्रक्रिया, अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले में ही देना होगा विकल्प
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय शिमला ने शारीरिक शिक्षक (Physical Education Teacher) के रिक्त पदों को भरने के लिए बैचवाइज आधार पर काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह काउंसलिंग 3 और 4 जून 2026 को प्रातः 10 बजे जिला प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय शिमला में आयोजित होगी।

जारी जानकारी के अनुसार, जिला रोजगार कार्यालयों द्वारा प्रायोजित पात्र अभ्यर्थियों को उनके बैच के आधार पर काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले में ही काउंसलिंग में भाग लेना होगा तथा नियुक्ति के लिए जिलों की प्राथमिकता (Order of Preference) एक बार ही भरनी होगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में इसमें परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
शिमला जिले में कुल 42 पद भरे जाएंगे, जिनमें सामान्य वर्ग के 16, ईडब्ल्यूएस के 5, अनुसूचित जाति के 8, ओबीसी के 7 तथा अन्य आरक्षित श्रेणियों के पद शामिल हैं। वहीं अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां उपलब्ध हैं। इनमें कांगड़ा में सर्वाधिक 75, मंडी में 62, ऊना में 39, सिरमौर में 30 और चंबा में 29 पद भरे जाएंगे। कुल मिलाकर प्रदेशभर में 355 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे जो शारीरिक शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम, 2011 के तहत निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करते हों। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।



