
ढली में पकड़े गए युवकों से जुड़े तार, बैकवर्ड लिंकेज जांच में खुला नशा तस्करी नेटवर्क का राज
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 2 जून। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मामले की गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने पंजाब से नशे के एक प्रमुख सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 41/2026 के तहत 29 मई को ढली चौक के समीप एक मकान में की गई छापेमारी के दौरान अवंतिका नेगी (19) और प्रद्युम्न ठाकुर (20) के कब्जे से 65 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा 20 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) बरामद की गई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
जांच के दौरान पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि बरामद नशे की खेप पंजाब के खरड़ से लाई गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के खरड़ में दबिश देकर नशा तस्करी नेटवर्क के कथित मुख्य सप्लायर समर सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 131 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 27 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) और 60,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ मामले में कुल बरामदगी 196 ग्राम हेरोइन, 47 ग्राम आईस और 60,400 रुपये नकद तक पहुंच गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
जिला शिमला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नशा तस्करी मामलों की बैकवर्ड लिंकेज जांच के आधार पर अब तक 43 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि उसका लक्ष्य केवल नशे की बरामदगी तक सीमित नहीं, बल्कि इसके स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
नशे के खिलाफ इस कार्रवाई को शिमला पुलिस की वर्ष 2026 की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है, जिसने अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।



