
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (CPS) नीरज भारती एक बार फिर अपने सोशल अकाउंट पर पोस्ट शेयर की है ।जिसमे अपनी ही सरकार के खिलाफ तीखी टिप्पणी की है ।उन्होंने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने बिना नाम लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ‘बजट के दिन आल्टो कार में आने’ के अंदाज पर कड़ा तंज कसा है और इसे महज एक “दिखावा” करार दिया है ।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अक्सर शिमला में बजट सत्र के दौरान अपनी निजी मारुति आल्टो कार से विधानसभा पहुंचकर सादगी का संदेश देने का प्रयास करते रहे हैं। नीरज भारती द्वारा इस तरह सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी तीखी बहस छिड़ गई है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इस संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में नीरज भारती ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली और उनके इस कदम की कड़ी आलोचना की है।

नीरज भारती ने अपनी पोस्ट में लिखा है:हमारे प्रदेश के शायद पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं….. जो साल के 364 दिन टोयोटा फॉर्च्यूनर, फोर्ड एंडेवर, हुंडई की इलेक्ट्रिक कार, दूसरी लग्ज़री गाड़ियों और हेलीकॉप्टर में घूमते हैं….. लेकिन साल में एक दिन बजट पेश करने के लिए अपनी निजी मारुति आल्टो में आते हैं….. वो भी आगे पीछे पुलिस की लग्ज़री गाड़ियों का काफिला लगाकर….. और हाथ में अटैची ऐसे पकड़ते हैं….. जैसे इन जनाब से ऊपर का कोई फाइनेंस का जानकार है ही नहीं…..”
नीरज भारती यहीं नहीं रुके, उन्होंने सरकार के कामकाज और जमीनी स्तर पर दिखने वाले परिणामों पर भी बड़ा सवाल उठाया है। “लेकिन इतने दिखावे के बाद भी अगर जनता को नतीजे महसूस न हों….. तो फिर रिजल्ट जीरो ही माना जाएगा…..”



