सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार ने 10800 करोड़ ₹ का कर्ज ले चुकी है। जबकि नाबार्ड का व अन्य संस्थाओं का कर्ज इसके अतिरिक्त है। भाजपा ने RTI से ली सूचना को मीडिया को प्रेषित किया।

Listen to this article

कांग्रेस सरकार केवल झूठ बोलने में माहिर है अपितु झूठ का पुलिंदा : बिंदल

मुख्यमंत्री ने दस्तावेज मांगें थे, हम दे रहे है

IBEX NEWS,शिमला।

भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार न केवल झूठ बोलने में माहिर है अपितु झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस की सरकार को सत्ता में आये एक साल पूरा हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने मीडिया के माध्यम से हिमाचलवासियों को बताया कि सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार ने 10 महीने में 11 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। मंगलवार को शिमला से जारी जानकारी में हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण व कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने कहा कि यह सूचना गलत है और 11 हजार करोड़ का कर्ज नहीं लिया। इस पर डाॅ0 बिन्दल प्रदेश अध्यक्ष भाजपा ने जारी जानकारी कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार के आंकड़ों से जानकारियां इकट्ठी की कि दिसम्बर, 2023 तक वर्तमान प्रदेश की कांग्रेस सरकार 10800 करोड़ ₹ का कर्ज ले चुकी है। जबकि नाबार्ड का व अन्य संस्थाओं का कर्ज इसके अतिरिक्त है।


वर्तमान कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर 2022 को सत्ता में आई उसके उपरांत 19 जनवरी 2023 को 1500 करोड़, 16 फरवरी को 2000 करोड़, 16 मार्च को 1500 करोड़, 24 मार्च को 1700 करोड़ का ऋण ले चुकी है । इसी प्रकार 1 जून 2023 को 800 करोड़, 28 जून को 1000 करोड़, 31 अगस्त को 500 करोड़, 12 अक्टूबर को 1000 करोड़ और 19 नवंबर 2023 को 800 करोड़ का ऋण ले चुकी है। अभी तक यह सरकार 10800 करोड़ का ऋण ले चुकी है । जनवरी से मार्च 2023 तक इस सरकार ने 6700 करोड़ का लोन लिया और मार्च से नवंबर 2023 तक इस सरकार ने 4100 करोड़ का लोन लिया।

प्रदेश सरकार के लगभग सभी काम केन्द्र सरकार के सहयोग से चल रहे हैं। चाहे वो सड़कों की मुरम्मत हो, रख-रखाव हो, अस्पतालों में ईलाज की बात हो, पीने के पानी की बात हो, फोरलेन, नेशनल हाईवे बनाने की बात हो, सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से, मनरेगा के माध्यम से, वैलफेेयर के माध्यम से मिलने वाली सभी योजनाओं का लाभ केन्द्र से आ रहा है। विषय इसके विपरीत है, जहां केद्र सरकार भानूपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन के लिए लगातार सहयोग कर रही है वहीं प्रदेश की सरकार अपना छोटा सा शेयर नहीं दे रही है जिसके कारण रेलवे के प्रोजेक्ट में देरी हो रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, फोरलेन, नेशनल हाईवे, जल जीवन मिशन ऐसे प्रोजेक्ट हैं जो शत प्रतिशत नरेन्द्र भाई मोदी सरकार की देन है। उसके बावजूद झूठ बोलकर, भ्रम फैलाकर, हिमाचल की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिस प्रकार 2022 में वोट बटोरने के लिए गारंटियां फेंकी गई, उसी प्रकार अब एक बार फिर झूठ का बवंडर तैयार किया जा रहा है। जनता आज यह सवाल कर रही है कि पिछले एक साल में कुछ तो काम किया होगा, वह बताओ, परन्तु बताने के नाम पर कुछ नहीं है, केवल भाजपा पर दोषारोपण करके अपनी सरकार चला रहे हैं।