
IBEX NEWS,शिमला
छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस थाना टापरी द्वारा क्षेत्र में स्कूल बसों की नियमित जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सभी स्कूल बस चालकों को आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट, जीपीएस ट्रैकर, सीसीटीवी कैमरे, सीट बेल्ट आदि जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपयुक्त स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस टीम द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि बस में मौजूद देखरेख करने वाले कर्मचारी और चालक दोनों ही बच्चों की सुरक्षा से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें।
इस पहल का उद्देश्य न केवल बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाना है, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी मजबूत करना है। स्थानीय अभिभावकों ने इस प्रयास की सराहना की है और इसे एक सकारात्मक एवं आवश्यक कदम बताया है।




