
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की इंटर कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) का भव्य शुभारंभ राजकीय कन्या महाविद्यालय (आर.के.एम.वी.), शिमला में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिमला (शहरी) के माननीय विधायक श्री हरीश जनार्था उपस्थित रहे, जबकि उमा कौशल, उपमहापौर नगर निगम शिमला, बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल हुईं।




कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों में डॉ. गोपाल चौहान, अध्यक्ष खेल परिषद, एचपीयू, मीनू चौहान, पार्षद, इवेंट ऑब्जर्वर श्री तेनजिन नेगी, तकनीकी पर्यवेक्षक श्री विनोद और अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनुरिता सक्सेना ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया तथा अपने संबोधन में ताइक्वांडो के इतिहास और मूल्यों — सम्मान, धैर्य और आत्मसंयम — पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ये मूल्य संस्थान की समग्र शिक्षा की भावना से गहराई से जुड़े हैं।
मुख्य अतिथि श्री जनार्था ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि अनुशासन और व्यक्तित्व विकास के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस प्रतियोगिता में 22 कॉलेजों के 127 खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने कौशल, जोश और दृढ़ संकल्प से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों की खेल भावना और उत्साह से वातावरण ऊर्जा से भर गया।




