
अरविंद दिग्विजय नेगी (एचपी:2011) को पदोन्नति पर उप महानिरीक्षक पुलिस (डीआईजी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सीआईडी शिमला पद पर नियुक्ति के आदेश
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह निर्णय सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों पर और 5 नवम्बर 2025 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए लिया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार, अरविंद दिग्विजय नेगी (एचपी:2011) को पदोन्नति पर उप महानिरीक्षक पुलिस (डीआईजी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सीआईडी शिमला नियुक्त किया गया है। वहीं रोहित मालपानी (एचपी:2012), जो वर्तमान में कमांडेंट, प्रथम एचपीएपी जुंगा के पद पर कार्यरत हैं और साथ ही एसपी साइबर क्राइम शिमला का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, अब उन्हें स्थायी रूप से एसपी साइबर क्राइम शिमला के पद पर तैनात किया गया है।
इसके अलावा, डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन (एचपी:2014), जो पूर्व में एसपी कुल्लू थे और कम्पल्सरी वेटिंग ऑफिसर, पुलिस मुख्यालय शिमला बनाए गए थे, अब उन्हें कमांडेंट, तृतीय भारतीय रिज़र्व बटालियन, पंडोह, जिला मंडी के पद पर भेजा गया है।
वहीं पदम चंद (एचपी:2015), जो कमांडेंट, तृतीय भारतीय रिज़र्व बटालियन, पंडोह, मंडी के पद पर कार्यरत थे, को स्थानांतरित कर कमांडेंट, प्रथम एचपीएपी जुंगा, जिला शिमला के रूप में नियुक्त किया गया है।
यह आदेश राज्यपाल की स्वीकृति से मुख्य सचिव संजय गुप्ता (आईएएस) द्वारा जारी किए गए हैं।




