
IBEX NEWS,शिमला ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पालमपुर के अपने एक दिवसीय दौरे पर 19.77 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पालमपुर हेलीपोर्ट की आधारशिला रखी। हेलीपोर्ट में यात्री टर्मिनल भवन, फायर स्टेशन, उपयोगिता भवन और यात्रियों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस हेलीपोर्ट को अगले वर्ष अप्रैल तक पूरा कर दिया जाएगा, जिसके पश्चात चंडीगढ़ और शिमला के लिए किफायती किराए पर हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले के लिए कई विकासात्मक योजनाएं तैयार कर रही हैं। पालमपुर में एक पर्यटन गांव विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया था, लेकिन भाजपा के कुछ लोगों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और इस पर रोक लगवा दी। उन्होंने कहा कि इन बाधाओं को दूर करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा जिले को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि जिले के लोगों के लिए आय के नए अवसर सृजित हो सकें।

इससे पूर्व, उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर का भी निरीक्षण किया और मरीजों और कर्मचारियों से बातचीत की।




