
हिमांशु अविवाहित था और उसकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
IBEX NEWS,शिमला
शिमला के जुब्बल क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली बोर्ड के आउटसोर्स कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम आईटीआई गेट के पास उस समय हुआ, जब 27 वर्षीय हिमांशु चौहान लाइन मेंटेनेंस का नियमित कार्य कर रहा था।
मरम्मत पूरा होने के बाद जैसे ही पावर सप्लाई बहाल की गई, हिमांशु अचानक करंट की चपेट में आ गया। सहकर्मियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक हिमांशु चौहान मूल रूप से जुब्बल के परौंठी गांव का निवासी था और कुछ समय से बिजली बोर्ड में आउटसोर्स आधार पर सेवाएं दे रहा था। हिमांशु अविवाहित था और उसकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिजली बहाल होते ही लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिससे हिमांशु बुरी तरह झुलस गया। पुलिस मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की भी जांच कर रही है।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कर्ण की शिकायत पर थाना जुब्बल में बीएनएस की धारा 125 और 289 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जुब्बल के एसएचओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि हो पाएगी।




