
IBEX NEWS, शिमला बीएसएनएल के झाकड़ी स्थित स्टोर से केबल तार व स्क्रैप कॉपर चोरी होने के मामले में जिला शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बीएसएनएल विभाग झाकड़ी की शिकायत पर थाना झाकड़ी में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों ने कॉपर धातु को बेचने की नीयत से स्टोर से केबल तार व स्क्रैप कॉपर चोरी किया। पुलिस ने अभियोग संख्या 12/2026, दिनांक 15-02-2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) भा.न.सं. में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच के दौरान दो आरोपियों—हितेश कुमार उर्फ पियूष (19) पुत्र शेर सिंह तथा विशाल (22) पुत्र सुदर्शन कुमार, दोनों निवासी डाकघर ज्यूरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला—को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को 15 फरवरी को विधि अनुसार हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार उन्हें 16 फरवरी को माननीय ACJM रामपुर की अदालत में पेश किया जाएगा। चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी संपत्ति की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।




