
राज्य सरकार ने 5 IAS अधिकारियों के तबादले किए, कई को अतिरिक्त जिम्मेदारियां
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग (Appointment-I Section) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस फेरबदल में कुल्लू जिले के उपायुक्त (DC) का बदलाव सबसे अहम माना जा रहा है।
अधिसूचना के मुताबिक तोरुल एस. रवीश (IAS-2016), जो अब तक कुल्लू जिले की उपायुक्त थीं, को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ-साथ उन्हें जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं अनुराग चंद्र शर्मा (IAS-2016) को कुल्लू का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे HPSEBL में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) के पद पर कार्यरत थे और HPSIDC के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे थे। अब उनके कुल्लू DC के रूप में पदभार संभालने से जिले में प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा आदेशों में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है।
आशीष सिंहमार (IAS-2008) को सचिव (डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस) के साथ-साथ मुख्यमंत्री के सचिव (II) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे डिजिटल टेक्नोलॉजी, SAD, SWD, संसदीय कार्य, वित्त, योजना एवं सामाजिक न्याय जैसे अहम विभागों का कार्य भी देखेंगे।
अरिंदम चौधरी (IAS-2014) को HPMC के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर HPSEBL में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) बनाया गया है।
विनय सिंह (IAS-2015) को हिमाचल प्रदेश बागवानी विभाग के निदेशक पद से स्थानांतरित कर HPMC का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें HP Agro Industries Corporation और HP Agro Industrial Packaging India Ltd. का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक विकास और जिला प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से कुल्लू जिले में DC बदलाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर नई रणनीति और कार्यशैली की उम्मीद की जा रही है।




