
IBEX NEWS,चिड़गांव (शिमला)। थाना चिड़गांव के अंतर्गत पब्बर नदी किनारे एक नेपाली मूल के व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश प्रताप (36 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां मृतक के सिर पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए। उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए और सभी अहम सुराग सुरक्षित कब्जे में लिए गए हैं।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनमें 17 फरवरी को मृतक के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं। इन सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।
घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड से भी मुआयना कराया गया है। पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




