
कुमारसैन के बिथल में हुई मारपीट की वारदात, सिर पर गंभीर चोट; साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कसा शिकंजा
IBEX NEWS,शिमला, 25 फरवरी।
विवाह समारोह से खुशी-खुशी लौट रहे एक युवक के लिए रात अचानक दहशत में बदल गई, जब रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोककर बेरहमी से पीट दिया। करीब ढाई महीने की जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद थाना कुमारसैन पुलिस ने इस सनसनीखेज मारपीट मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला एफआईआर संख्या 70/2025 दिनांक 07 दिसंबर 2025 को थाना कुमारसैन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता श्री लीला सिंह मेहतो (52 वर्ष), निवासी ग्राम बडावाला, तहसील विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड), वर्तमान निवासी ग्राम बिथल, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला ने लिखित शिकायत में बताया कि 06 दिसंबर 2025 की रात लगभग 11:30 बजे उनका पुत्र एवरेस्ट सिंह मेहतो अपने साथी अभिषेक के साथ बिथल में एक विवाह समारोह से लौट रहा था।
जब वे काली मिट्टी स्थित टाटा मोटर्स वर्कशॉप के समीप पहुंचे, तो कुछ व्यक्तियों ने उन्हें बिना किसी उकसावे के रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में एवरेस्ट सिंह मेहतो के सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल रामपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
जांच के बाद गिरफ्तारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर 24 फरवरी 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (20 वर्ष), अनिल (23 वर्ष) और अंकुश (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और वर्तमान में शिमला जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा सके।
जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कृत्य की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या आपातकालीन हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।




