
दोस्तों संग घूमने पहुंचे 22 वर्षीय वीर की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पर्यटन स्थल मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के 22 वर्षीय पोते वीर सोरेन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हाई अल्टीट्यूड (ऊंचाई) के प्रभाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।बाबूलाल सोरेन के पुत्र वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था और सोमवार को सोलंगनाला व हामटा स्नो प्वाइंट में घूमने के बाद वापस होम स्टे में लौट आए।अगले दिन सुबह वह होम स्टे में ही रुका था जबकि अन्य दोस्त घूमने गए। दोस्त वापस लौट तो वीरेन ने सर में भारी दर्द होने की बात दोस्तों को बताई। दोस्तों ने उसे दवाई दी। वीर दवाई खाकर सो गया। दोपहर ढाई बजे दोस्तो को वीरेन के विस्तर से नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी।जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिर पड़ा । सिविल अस्पताल पहुंचाया गया । रास्ते में उसके मुंह से झाग भी निकला। सिविल अस्पताल में उसे सीपीआर दी लेकिन जांच उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथ आए उसके मित्र अग्नय वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश का बयान कलमबंद किया गया। उन्होंने पुलिस को बयान दिया कि मृतक उनके साथ दिनांक 22.02.2026 को मनाली घूमने आया था तथा वे सभी हिमालयन सैलेट होम स्टे, सिमसा, मनाली में ठहरे हुए थे।
दिनांक 23.02.2026 को वे सभी सोलंग/सेथन क्षेत्र घूमने गए थे तथा शाम को पुनः होम स्टे में ठहरे। मंगलवार दिन में वे सभी होम स्टे के आसपास घूमकर लगभग 12:30 बजे वापस लौटे तो वीर सोरेन सोया हुआ था।
उठाने पर उसने बताया कि उसके सिर में अत्यधिक दर्द हो रहा है। जिस पर साथियों ने Blinkit के माध्यम से दवाई मंगवाकर उसे दी, जिसके बाद वह पुनः सो गया। लगभग 02:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। जाकर देखा तो वीर सोरेन बैड से नीचे गिरा हुआ था।
मनाली पुलिस के अनुसार 24 फरवरी की शाम सिविल अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक को मृत अवस्था में लाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का बारीकी से निरीक्षण किया, फोटोग्राफी करवाई और प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
प्रारंभिक जांच में हाई अल्टीट्यूड की वजह से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में सैलानी सोलांग और सेथन जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख करते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि अचानक अधिक ऊंचाई पर जाने से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत, चक्कर, उल्टी या गंभीर स्थिति में जान का खतरा भी हो सकता है।
इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ एक परिवार, बल्कि दो राज्यों को भी शोक में डुबो दिया है। दोस्तों संग छुट्टियां मनाने निकला एक युवा, पहाड़ों की गोद में हमेशा के लिए खामोश हो गया।




