
पढ़ाई जारी रखने की चाह में घर से निकली थी किशोरी, कोटखाई के कोकूनाला में बड़ी बहन के पास सुरक्षित मिली
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला में एक बार फिर पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्यप्रणाली देखने को मिली। 26 फरवरी 2026 को तहसील ठियोग निवासी श्रीमती इन्द्रा ने थाना देहा में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री 25 फरवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे घर से बिना बताए चली गई है।
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर संभावित स्थानों पर तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। महज़ दो घंटे के भीतर पुलिस टीम ने नाबालिग को कोटखाई क्षेत्र के कोकूनाला में उसकी बड़ी बहन के कमरे से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस नाबालिग को कोकूनाला से थाना लेकर आई और विधिवत उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। तस्दीक के दौरान सामने आया कि किशोरी आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसकी मां उसे आगे नहीं पढ़ा पा रही थी। इसी वजह से वह अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी, ताकि अपनी शिक्षा जारी रख सके।
जांच में स्पष्ट हुआ कि नाबालिग के साथ किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई है।
जिला पुलिस शिमला की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक परिवार की चिंता दूर की, बल्कि यह भी साबित किया कि संवेदनशील मामलों में पुलिस कितनी गंभीरता और तत्परता से काम कर रही है।




