
IBEX NEWS BUREAU शिमला/मंडी। Vikramaditya Singh आगामी नगर निगम एवं शहरी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में लोक निर्माण, शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह 28 से 30 अप्रैल तक मंडी और कांगड़ा जिले के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस संबंध में Himachal Pradesh Congress Committee द्वारा आधिकारिक टूर प्रोग्राम जारी किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को मंत्री विक्रमादित्य सिंह सुबह शिमला से रवाना होकर दोपहर 12 बजे मंडी पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। मंडी में रात्रि विश्राम के बाद 29 अप्रैल को वह सुबह 11 बजे धर्मशाला के लिए रवाना होंगे और शाम 4:30 बजे वहां पहुंचकर नगर निगम चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे।

बताया जा रहा है कि मंडी और कांगड़ा में कांग्रेस संगठन के जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा फ्रंटल संगठनों के साथ अलग-अलग स्तर पर बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें निकाय चुनावों के लिए प्रत्याशी चयन, बूथ प्रबंधन और प्रचार रणनीति पर मंथन किया जाएगा। धर्मशाला प्रवास के दौरान मंत्री खड़ा डांडा स्थित HP PWD Rest House में रात्रि विश्राम करेंगे।
30 अप्रैल को धर्मशाला से शिमला वापसी के साथ यह दौरा संपन्न होगा। राजनीतिक हलकों में इस दौरे को कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में निकाय चुनावों की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और पार्टी संगठन मैदान में उतरने की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है।




