
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
रामपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में हुड़दंग मचाकर राहगीरों का रास्ता रोकने और अभद्रता करने वाले व्यक्ति पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश नाकाम कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 बजे थाना रामपुर के अंतर्गत पिपटी सार्वजनिक स्थल पर एक व्यक्ति के शराब/नशे के प्रभाव में गाली-गलौच, शोर-शराबा करने तथा आम जनता के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने की सूचना मिली। आरोपी वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर माहौल खराब कर रहा था, जिससे स्थानीय लोग दहशत और असुविधा में आ गए।
सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर आरोपी देविन्द्र सिंह पुत्र देवी दास निवासी सरला-परोग, उम्र 35 वर्ष को धारा 126/170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण खनेरी अस्पताल में करवाया गया, जहां मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
आज 28 अप्रैल 2026 को आरोपी को माननीय उपमंडलीय दंडाधिकारी (नागरिक) रामपुर की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को ₹5000 के जमानत/मुचलके पर पाबंद करते हुए 16 जून 2026 को पुनः न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, अभद्रता और कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



