
रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, CCTV फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर सुलझा मामला
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 15 मई 2026।
जिला शिमला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना रामपुर की टीम ने एक निजी टेलीकॉम कम्पनी के लोहे के पोल चोरी मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री बाबू सिंह देशवाल, स्टेट मैनेजर, ऐरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्रा. लि. शिमला ने थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि चौका नाला तकलेच से रोहड़ू मार्ग पर कम्पनी के लगभग 70 एच-पोल (लोहे के पोल), जिन पर अभी तार नहीं लगी थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 55/2026, दिनांक 12 मई 2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज का गहन निरीक्षण किया। जांच में 5 एवं 6 मई 2026 की रात को एक बोलेरो कैम्पर वाहन घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से लगातार आते-जाते दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन की पहचान की गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस जांच में वाहन का मालिक विक्की पुत्र कौल राम निवासी गांव जमेडी, डाकघर लूहरी, तहसील आनी, जिला कुल्लू पाया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी विक्की (30 वर्ष) को 13 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी सुरेश कुमार पुत्र रण बहादुर निवासी गांव जोहड़, डाकघर एवं तहसील करसोग, जिला मंडी (35 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लोहे के पोल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की पूछताछ एवं अन्य तथ्यों की तस्दीक की जा रही है।
जिला शिमला police ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा।



