
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/ रिकांगपिओ, 20 मई 2026
उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने इस अवसर पर जनजातीय जिला किन्नौर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने पर बल दिया ताकि बहुमूल्य जानों को बचाया जा सके और जिला पुलिस विभाग को यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
डॉ अमित कुमार शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने तथा संवेदनशील स्थानों में क्रैश बैरियर स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि जनजातीय जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जिला परिवहन विभाग को समय-समय पर सड़क सुरक्षा के संदर्भ में जागरूकता शिविर आयोजित करने का आह्वान किया ताकि धरातल पर आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिला पुलिस विभाग को शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित हो सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित कर्मचारी उपस्थित थे।



