
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 20 मई। जिला पुलिस शिमला ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए चौपाल क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकत के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। घटना का वीडियो स्वयं पीड़िता द्वारा बनाए जाने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया, जिस पर तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस शिमला के अनुसार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके और आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला पुलिस शिमला ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



