मेयर-डिप्टी मेयर की हॉट सीट के लिए घोषणा आज।मेयर पद पर छोटा शिमला पार्षद सुरेंद्र चौहान की ताजपोशी लगभग तय।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

शिमला नगर निगम का महापौर और उप महापौर की हॉट सीट की घोषणा आज सोमवार सुबह की जाएगी। नगर निगम के नए पार्षदों की शपथ के साथ ही आज शहर को नया महापौर और उप महापौर भी मिल जाएगा। मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय करने के लिए रविवार शाम पार्टी ने ओकओवर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक बुलाई थी।
शाम 5:00 बजे शुरू हुई इस बैठक में एक एक करके पार्षदों की राय ली गई। इस दौरान सभी महिला पार्षदों ने मेयर या डिप्टी मेयर में से एक पद महिलाओं को देने की बात कही। कई महिला पार्षदों ने यहां तक कह दिया कि डिप्टी मेयर ही नहीं, मेयर के पद पर भी महिलाओं का दावा बनता है। इस बार सदन में 21 महिला पार्षद हैं, ऐसे में कोई एक पद जरूर महिला पार्षद को मिलना चाहिए। कुछ महिला पार्षदों ने वरिष्ठता का ध्यान रखने को लेकर भी अपना पक्ष रखा। हालांकि, साथ ही यह भी कहा कि पार्टी जो भी नाम तय करेगी, वह मान्य होंगे।

इस दौरान नगर निगम चुनाव के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तजिंद्र पाल सिंह बिटटू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्री रोहित ठाकुर और हर्षवर्धन चौहान की पांच सदस्यीय कमेटी ने वार्ड वाइज पार्षदों की राय पूछी। सबसे पहले कैथू वार्ड की पार्षद कांता सुयाल की राय ली गई।करीब दो से तीन मिनट तक हर पार्षद से उसकी राय पूछी गई। पार्षद से पूछा गया कि किसे महापौर और उप महापौर बनना चाहिए, किसी पद पर दावेदारी है या नहीं, क्या पार्टी का फैसला मान्य होगा। करीब डेढ़ घंटे तक बारी बारी सभी 24 पार्षदों की राय ली गई। बैठक में शिमला नगर निगम की परिधि में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के विधायक शामिल नहीं किए गए थे।


ये है आज का शेड्यूल

बॉक्स

सुबह 10:00 बजे फिर ओकओवर बुलाए पार्षद
बैठक के बाद मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा नहीं हुई। सोमवार सुबह 10:00 बजे सभी कांग्रेसी पार्षदों को ओकओवर बुलाया गया है। यहां मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा होगी। यहां से सभी नवनिर्वाचित पार्षद उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन पहुंचेंगे। यहां पहले पार्षदों की शपथ होगी।

बॉक्स

सुरेंद्र का मेयर बनना लगभग तय है।


मेयर के पद पर छोटा शिमला पार्षद सुरेंद्र चौहान का बनना तय कहा जा रहा है। ओकओवर में बैठक के दौरान भी पार्टी नेताओं ने उनसे बात की। कुछ पार्षदों ने उन्हें उस मौके पर बधाई भी दी।