हमीरपुर संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, शिमला सीट से सांसद सुरेश कश्यप को बीजेपी प्रत्याशी बनाया।पढ़िए राजनीतिक सफ़र…

Listen to this article

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। बुधवार को जारी सूची में हिमाचल की दो सीटों के प्रत्याशी किए घोषित ।

IBEX NEWS,शिमला।

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। बुधवार को जारी सूची में हिमाचल की दो सीटों के प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। हमीरपुर संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर फिर भरोसा जताया गया है। वहीं, शिमला सीट से भी सांसद सुरेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया गया है। शिमला सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मंडी और कांगड़ा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी अभी तय नहीं हुए हैं। सूत्रों के अनुसार मंडी व कांगड़ा से टिकट बदले जा सकते हैं, इसलिए निर्णय नहीं लिया गया है। 

विधानसभा चुनाव भी जीते सुरेश कश्यप
बीडीसी सदस्य के तौर पर राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले सुरेश कश्यप साल 2019 में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े और जीत हासिल की।बीजेपी ने उन्हें वीरेंद्र कश्यप का टिकट काटकर चुनावी मैदान में उतारा था।साल 2012 में वह पहली बार पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने थे।इसके बाद साल 2017 में भी उन्हें विधानसभा चुनाव में जीत मिली।साल 2019 में पार्टी ने उन्हें  लोकसभा चुनाव में  लड़ने का फैसला लिया। 

इसके बाद उन्होंने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।साल 2019 में वे पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते।अब साल 2024 में पार्टी ने उन पर एक बार फिर विश्वास जताया है।जुलाई 2020 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल बीजेपी का अध्यक्ष भी बनाया। वे अप्रैल, 2023 तक हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष रहे।

वायु सेना में भी सेवाएं दे चुके हैं कश्यप
23 मार्च, 1971 को जिला सिरमौर के पपलाहन में जन्मे सांसद सुरेश कश्यप वायु सेना में भी सेवाएं दे चुके हैं।वह लोक प्रशासन में एमफिल, अंग्रेजी और पर्यटन में पोस्ट ग्रेजुएट, पब्लिक रिलेशन एवं कम्युनिकेशंस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा धारक हैं।उनके पास बीएड की डिग्री भी है।

सांसद सुरेश कश्यप ने दोबारा उन पर विश्वास जाहिर करने के लिए केंद्रीय आलाकमान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री ,गृह मंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया।

अनुराग ठाकुर का राजनीतिक सफर
अनुराग ठाकुर का जन्म 24 अक्टूबर 1974 को हमीरपुर में हुआ था। अनुराग हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं शीला देवी के ज्येष्ठ पुत्र हैं। उन्होने जालंधर के दोआब कॉलेज से बीए किया। पहली बार मई 2008 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में लोकसभा के लिए चुने गए थे। संसदीय सीट हमीरपुर से अनुराग ठाकुर पिछले चार चुनाव लगातार जीते हैं। वे 14वीं, 15वीं, 16वीं और 17वीं लोकसभा के सदस्य हैं। जनवरी 2019 में संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले सांसद बने। अनुराग वर्तमान में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, खेल व युवा सेवाएं मंत्री हैं।  इससे पहले ठाकुर वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। वे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं। 25 साल की उम्र में अनुराग हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने। 2010 में वह भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा अखिल भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए। अनुराग ठाकुर ने नवंबर 2000 में जम्मू और कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेला था

अनुराग के नाम ये उपलब्धियां भी
20 जनवरी 2019 को संसद रत्न सम्मान से सम्मानित
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी बने।
भारतीय जूनियर क्रिकेट टीमों का चयन करने के लिए वर्ष 2001 में 26 साल की उम्र में सबसे युवा राष्ट्रीय चयनकर्ता बने।
हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे।
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव बने।
हॉकी हिमाचल प्रदेश के महासचिव भी रहे।
भारतीय ओलंपिक संघ के कार्यकारी सदस्य।
बीसीसीआई के संयुक्त सचिव रहे और 22 मई 2016 को बीसीसीआई के अध्यक्ष चुने गए। 
अनुराग 34वें और दूसरे कम उम्र के अध्यक्ष बने। 
अनुराग ठाकुर जुलाई 2016 में प्रादेशिक सेना का हिस्सा बने।  बाद में उन्हें कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया।  वह प्रादेशिक सेना में कमीशंड अधिकारी बनने वाले भाजपा के पहले सांसद हैं |