सोनिया,प्रियंका से मिले सूक्खू:सरकार के कामकाज से कराया अवगत, संजौली के ढाबे में ली चाय की चुस्कियाँ।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के छराबड़ा पहुंचकर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। सोमवार शाम करीब 7:00 बजे शिमला से छराबड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री ने सोनिया और प्रियंका गांधी को सरकार के कामकाज विशेष तौर पर सुखाश्रय योजना और संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने अपने उस दौरे के दौरान करीब आधा घंटा गांधी परिवार के साथ गुफ्तगू की। अन्य कोई भी मंत्री या नेता प्रियंका गांधी के घर के अंदर नहीं गए। प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए परिवारों के लिए जारी किए गए विशेष आपदा राहत पैकेज की जानकारी से मुख्यमंत्री ने सोनिया और प्रियंका गांधी को अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कोई भी विशेष आर्थिक राहत नहीं दी गई है। प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से काम चला रही है। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के दौरान हिमाचल में कांग्रेस की जीत होने की बात भी कही। छराबड़ा से वापस आते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू कुछ देर संजौली बाजार में रुके। यहां पुराने दोस्तों के मिलकर उन्होंने कॉलेज के दिनों को याद किया। मुख्यमंत्री ने संजौली स्थित मशहूर पप्पी ढाबे में चाय भी पी। इस दौरान ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान, सुशांत कपरेट सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।