राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी को पार्टी का अधिकृत पोलिंग एजेंट नियुक्त किया।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी को पार्टी का अधिकृत पोलिंग एजेंट नियुक्त किया है। आगामी 27 फरवरी को विधानसभा परिसर में राज्यसभा सदस्य के चयन के लिए मतदान तय है। कांग्रेस के सभी विधायकों को इन एजेंटों को अपना वोट दिखाना अनिवार्य रहेगा। उन्हें दिखाए बिना अगर किसी विधायक ने मतदान किया तो उस मत को रद्द कर दिया जाएगा। एक समय में दो एजेंट अंदर और दो बाहर मौजूद होंगे।

कांग्रेस पार्टी की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को प्रत्याशी है। सिंघवी के पक्ष में मतदान करने के लिए पार्टी ने सभी विधायकों को व्हिप भी जारी कर दिया है। 27 फरवरी को सभी कांग्रेस विधायकों को मतदान के लिए उपस्थित रहने को कहा गया है। कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया है।

दूसरी और 26 फरवरी को शाम सात बजे होटल सिसिल शिमला में दोबारा से कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भी सभी सदस्यों को उपस्थित रहने को कहा गया है।