हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हिंदू युवक की निर्मम हत्या के बाद बवाल मच गया है। माहौल तनावपूर्ण होने के बाद प्रशासन ने सलूणी सब डिवीजन में धारा 144 लागू कर दी है।

Listen to this article

चार से ज्यादा लोगों को इकट्‌ठा होने की इजाजत नहीं होगी। किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन व मीटिंग नहीं की जा सकेगी।

मनोहर लाल खच्चरों पर सामान ढोता था।लड़की के घर के लिए रवाना होने से पहले एक जगह तक उसकी दो खच्चरें भी साथ थी। दो दिन तक खच्चरें वही खड़ी रही

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हिंदू युवक की निर्मम हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण होने से प्रशासन ने सलूणी सब डिवीजन में धारा 144 लागू कर दी है।पूरे मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद उसके 7 टुकड़े कर नाले में छिपा दिए थे। जिन्हें बरामद कर लिया है।इस हत्या के बाद लोग भड़क गए हैं। उन्होंने थाने का घेराव किया। यहां तक की लोगों ने आरोपी परिवार का घर जला दिया। अब इस मामले ने राजनीतिक रोटियाँ सेंकी जाने लगी है।

शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मृतक मनोहर लाल के परिवार से मिलने चंबा पहुंचे, लेकिन सलूणी सब डिवीजन में धारा 144 होने की वजह से उन्हें चौहड़ा में ही रोक दिया गया।इसके बाद जयराम ठाकुर चौहड़ा में धरने पर बैठ गए। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने उन्हें रोकने के मकसद से धारा 144 लगाई। कल BJP इस मामले में सभी जिलों में धरना देगी।उधर, मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता भी चंबा में DC ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

सलूणी के संघणी गांव के दलित युवक मनोहर (22) और दूसरे समुदाय की भांदल गांव की नाबालिग लड़की में प्रेम प्रसंग था। इसका पता उनके परिवारों को चल गया था। जिसके बाद दोनों परिवार में काफी समय से तनातनी चल रही थी। इस बीच 6 जून को लड़की के परिजनों ने युवक को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया।इसके बाद उन्होंने घर में पीट-पीटकर उसे मार दिया। फिर शव के तेजधार हथियार से 7 टुकड़े कर उन्हें बोरी में भरकर नाले में पत्थरों के नीचे दबा दिया।युवक के घर न पहुंचने पर 6 जून को ही परिजनों ने पुलिस थाना किहार में उसकी गुमशुदगी की रपट दर्ज करवाई। मनोहर लाल खच्चरों पर सामान ढोता था। बताया जा रहा है कि मनोहर लाल पंझियारा नामक जगह से लड़की के घर के लिए रवाना हुआ था। उस वक्त उसकी दो खच्चरें भी साथ थी। दो दिन तक खच्चरें वही खड़ी रही।इससे ग्रामीणों को शक हुआ कि मनोहर की खच्चरें जब यहां है तो वह भी आसपास में ही मिल सकता है। 9 जून को पंझियारा में तलाश के वक्त दुर्गंध से पता चल पाया कि नाले में मनोहर का शव है। घटना से जुड़ी वीडियो और कुछ फोटो भी सोशल मीडिया में वायरल हुए।

पुलिस में इसमें कार्रवाई करते हुए 10 जून को लड़की और उसके भाई व भाभी को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के बाद 12 जून को लड़की के चाचा और चाची को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से लोग संतुष्ट नहीं थे।

नाराज लोगों ने बीते कल यानि गुरुवार को ढाई घंटे तक किहार पुलिस थाने का घेराव किया और बाजार को बंद रखा। बाद में गुस्साए लोगों ने आरोपी के दो घरों में आग लगा दी। स्थानीय लोग आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग पर अड़ गए हैं।

पुलिस न पहुंचे इसलिए सड़क पर लगा दिए पत्थर और पैराफिट
आरोपियों के घरों में आग लगाने से पहले ग्रामीणों ने किहार-लंगेरा सड़क को पत्थरों और पैराफिट बीच सड़क में लगाकर बंद किया और खुद मकान को आग के हवाले कर दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक मकान आग की भेंट चढ़ चुका था और ग्रामीण मौके से फरार हो गए थे।