ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र को 165 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं की सौगात दीपन्द्रह-बीस क्षेत्र में खुलेगी उप-तहसीलननखड़ी में बस स्टैंड व शॉपिंग कॉम्पलेक्स का होगा निर्माण

Listen to this article

धन-बल से लोकतंत्र को कमज़ोर करने वालो को लोकसभा चुनाव में करारा जवाब देगी जनता: मुख्यमंत्री

IBEX NEWS,शिमला।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आगामी लोकसभा चुनाव का ज़िक्र करते हुए प्रदेश के लोगों से आह्वान किया कि जो राजनीतिक दल लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर लोकतांत्रिक प्रणाली को धन-बल के प्रयोग से कमज़ोर कर रहे हैं उन्हें लोकतंत्र के महापर्व पर करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लोग अलोकतांत्रिक हथकंडे अपना रहे ऐसे सभी दलों को करारा सबक सिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह बात आज जिला शिमला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सराहन में भारी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पन्द्रह-बीस क्षेत्र में उप-तहसील खोलने, ननखड़ी में बस स्टैंड के निर्माण तथा शॉपिंग कॉम्पलेक्स के निर्माण, नलाटी स्टेडियम का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नाम से करने, रामपुर में पार्किंग के निर्माण, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किन्नू का नामकरण शहीद पवन धंगल के नाम से करने, बड़ावली में आई.टी.आई. खोलने तथा सरपारा झील के विकास के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।


राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार के खिलाफ वोट करने वाले बागी विधायकों की पार्टी विरोधी गतिविधियों पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए उन्होंने सवाल किया कि उन्हें कौन नियंत्रित कर रहा है? उन्होंने कहा कि धन-बल से लोकतंत्र की हत्या करने वालो के कारनामे जगज¬़ाहिर हुए हैैं। उनके मनसूबे हिमाचल जैसे शांतिप्रिय प्रदेश में कभी सफल नहीं होंगे क्योंकि यहां की जनता कभी भी अपना ईमान नहीं बेचेगी। हिमाचलवासी सदैव सच और ईमानदारी का साथ देते हैं।


इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य जनता को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित कर रही है तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को विशेष अधिमान दिया जा रहा है।
पांचवें राज्य वित आयोग के अध्यक्ष व विधायक नंद लाल ने क्षेत्र में 165 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राज्य के हर क्षेत्र का एक समान विकास सुनिश्चित हो रहा है और सरकार दृढ़ता के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है।
इससे पूर्व, सराहन पहंुचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री ने माता भीमाकाली मंदिर में शीश नवाया और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।


इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, जिला परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रभा नेगी, पंचायत समिति अध्यक्ष आशीष कायथ, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव विकेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश वर्मा, सदस्य, निदेशक मंडल, पर्यटन निगम यशपाल सोनी, पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।