उम्मीद नहीं की थी कि जिस कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर चुन कर आने वाले छह विधायक पार्टी को धोखा देंगे, जनता करारा जवाब देगी:सीएम। कहा हमने कभी अपना ईमान नहीं बेचा, क्योंकि हमारे परिवार ने हमें ऐसे संस्कार दिए हैं।

Listen to this article

मुख्यमंत्री ने कोटधार में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे उन्होंने ITI और हिमाचल प्रदेश कॉपरेटिव बैंक की शाखा खोलने
64 करोड़ रुपये से निर्मित बगछाल पुल किया जनता को समर्पित
बगछाल सड़क को डबल लेन करने के लिए 58 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा
घुमारवीं में भराड़ी को तहसील बनाने की घोषणा की।

IBEX NEWS,शिमला।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला बिलासपुर के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के लग में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बगछाल पुल के निर्माण से बिलासपुर जिला के कोटधार क्षेत्र की जनता व्यापक स्तर पर लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि बगछाल सड़क को डबल लेन करने के लिए 58 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कोटधार में आईटीआई और हिमाचल प्रदेश कॉपरेटिव बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की। उन्होंने नखलेड़ा में पीएमसीएच और शाहतलाई से एम्स कोठीपुरा तक बस सेवा चलाने और थापना से बागछाल सड़क को डबल लेन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर वित्त वर्ष में 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के छह विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान किया। उन्होंने कहा कि ईमान बेचने वाला हमेशा डरता है, जबकि स्वाभिमानी व्यक्ति कभी नहीं डरता है। जो लोग जनता के वोट से सत्ता नहीं बना सके, वह धन बल से सत्ता हथियाना चाहते हैं। भाजप में मुख्यमंत्री पद की होड़ लगी है। बागी एक जगह से दूसरी जगह जा रहे हैं। बागियों ने जनता के वोट का अपमान किया है। जनता को उन्हें अपने वोट की ताकत का एहसास कराना चाहिए।



इस अवसर पर कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने 64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऐतिहासिक बगछाल पुल का लोकार्पण किया है, जिससे कोटधार के लोगों की एक चिरलंबित मांग पूरी हुई है और 14 पंचायतों के लोग इस पुल से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यह पुल यहां के लोगों के लिए प्रदेश सरकार की एक सौगात है, जिसके लिए वर्तमान प्रदेश सरकार ने पर्याप्त धन उपलब्ध करवाया और इस पुल के निर्माण कार्य को गति प्रदान की गई। उन्होंने बगछाल-तलाई सड़क के लिए 58 करोड़ की धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, पूर्व विधायक बीरू राम किशोर, बाबू राम गौतम व तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



 मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला बिलासपुर के घुमारवीं में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भराड़ी को तहसील बनाने, घुमारवीं में एक बड़ा प्रोफेशनल तकनीकी संस्थान खोलने तथा त्यूण किला को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। 
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा ‘‘उम्मीद नहीं की थी कि जिस कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर चुन कर आने वाले छह विधायक पार्टी को धोखा देंगे। सरकार को अस्थिर करने के लिए मेरे इस्तीफे की अफवाहें फैलाई गई। अब हिमाचल प्रदेश की जनता भी उनके कभी माफ नहीं करेगी। जो धन बल का प्रयोग करते हैं, वो जनता की सेवा कभी नहीं सकते। हमने कभी अपना ईमान नहीं बेचा, क्योंकि हमारे परिवार ने हमें ऐसे संस्कार दिए हैं। हर संघर्ष कर जनता की सेवा कर रहे हैं।’’

जिन लोगों ने सरकार और लोकतंत्र के साथ विश्वासघात किया है, उन्हें प्रदेश की जनता करारा जबाव देगी। 


नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू दस साल एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। एक साधारण परिवार से निकल कर उन्होंने राजनीति में लंबा संघर्ष किया और मुख्यमंत्री बनने के बाद समाज कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की। उन्होंने कहा कि अवैध क्रशर बंद करने व शराब के ठेकों की नीलामी करने से कुछ लोगों को दिक्कत हुई क्योंकि उन्हें लूट की छूट चाहिए थी। मुख्यमंत्री ने लूट की राजनीति के आगे झुकने से मना किया तो कुछ षड्यंत्रकारियों ने मिलकर प्रदेश सरकार को गिराने की साजिश रची। 
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, पूर्व विधायक बीरू राम किशोर, बाबू राम गौतम व तिलक राज शर्मा, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।