हिमाचल प्रदेश का पूर्ण राज्यत्व दिवस गुरुवार को मंडी जिले के धर्मपुर में आयोजित होगा, समारोह में कई अहम घोषणाएं सीएम कर सकते हैं।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश का पूर्ण राज्यत्व दिवस गुरुवार को मंडी जिले के धर्मपुर में आयोजित होगा।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मपुर में कई अहम घोषणाएं इस समारोह में कर सकते हैं। राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरोंके लिए उनका संबोधन आकर्षण का केंद्र बनेगा लिहाज़ा सैंकड़ों कर्मचारियों की टकटकी उनके संबोधन पर टिकी हैं। महंगाई भत्ते की घोषणा को लेकर सभी उत्सुक है। सरकार से इस संबंध में हालाँकि स्थिति क्लियर नहीं हैं। आज पूर्ण राज्यत्व दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के 54वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व का उत्सव मनाते हुए वे अपने वीर नायकों, हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली महान विभूतियों को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान करने में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अविस्मरणीय योगदान रहा है और बर्फबारी के बीच 25 जनवरी 1971 को प्रदेश की जनता को यह सौगात देने वे स्वयं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पधारी थीं।