लोकसभा चुनाव को लेकर मंडी से विक्रमादित्य सिंह और शिमला से कांग्रेस विनोद सुल्तानपुरी उम्मीदवार घोषित ।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

लोकसभा चुनाव को लेकर मंडी से विक्रमादित्य सिंह और शिमला से कांग्रेस विनोद सुल्तानपुरी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इसका एलान किया था। वहीं, पार्टी की तरफ से भी विक्रमादित्य के नाम का आधिकारिक एलान किया गया है।हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में मुकाबला कंगना रनोट बनाम विक्रमादित्य सिंह हो गया है। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस ने 6 बार के मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के बेटे एवं वर्तमान सरकार में लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मंडी सीट से उतारने का निर्णय लिया।

शिमला लोकसभा सीट से भी कांग्रेस ने सीटिंग MLA एवं छह बार से सांसद केडी सुल्तानपुरी के बेटे विनोद सुल्तानपुरी पर चुनावी दांव खेला है। विनोद सुल्तानपुरी वर्तमान में कसौली विधानसभा से विधायक है। इस तरह कांग्रेस ने हिमाचल में दो सीटों पर टिकट का ऐलान कर दिया है। दोनों सीटों पर सीटिंग MLA को चुनावी मैदान में उतारा गया है।कांगड़ा व हमीरपुर लोकसभा पर अभी टिकट के लिए इंतजार करना पड़ेगा। 6 विधानसभा सीटों पर टिकट भी कुछ दिन के बाद आएंगे। हालांकि, हमीरपुर सीट से सत्तपाल रायजादा का नाम लगभग फाइनल था। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बीते दिनों जनसभा के दौरान इसके संकेत दिए थे। मगर उनका टिकट आज अभी होल्ड कर दिया गया है। चर्चा है कि यहां से डिप्टी CM की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी टिकट दावेदारों की रेस में शामिल हो गई हैं।